महेंद्र सिंह धोनी एक ऐसा नाम जो क्रिकेट के चाहने वालों के लिए सब कुछ है। एम एस धोनी का नाम आते ही सभी के दिमाग में चतुर कप्तानी हेलीकॉप्टर शॉट के अलावा एक और तस्वीर घूमती है, वह है उनका शांत स्वभाव।

धोनी मैदान अंदर और मैदान के बाहर भी बेहद शांत रहते हैं। धोनी को लेकर बेहद कम ही विवाद होते हैं, हालांकि खेल के लिए उनकी आलोचना होती रहती है पर ऐसे कम ही विवाद हैं जिसको लेकर धोनी चर्चा में रहे हैं।

इसी कड़ी में आज हम आपको धोनी से जुड़े कुछ विवादों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी-

आईपीएल 2013 फिक्सिंग में शामिल होने का आरोप

आईपीएल 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर फिक्सिंग में शामिल होने का आरोप लगा। जब जांच आगे बढ़ी तो यह पता चला कि धोनी की एक कंपनी में 15% हिस्सेदारी है जिसका नाम रिति स्पोर्ट्स है। इसमे सुरेश रैना और रवींद्र जडेजा भी शामिल थे। माना गया की धोनी समेत रैना और जडेजा ने बीसीसीआई के मानदंडों का उल्लंघन किया है, लेकिन पूरा मामला गायब हो गया और धोनी टीम के कप्तान बने रहे।

बांग्लादेश के खिलाफ गेंदबाज को धक्का

भारत और बांग्लादेश के बीच एकदिवसीय मैचों की सीरीज खेली जा रही थी। तभी एक मैच के दौरान हमेशा शांत रहने वाले धोनी ने बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को जोरदार धक्का मार दिया।
दरअसल, हुआ यूं कि भारतीय टीम बल्लेबाजी कर रही थी इसी दौरान धोनी विकेटों के बीच दौड़कर रन ले रहे थे, तब रहमान उनके रास्ते में आ रहे थे। रहमान जानबूझकर लगातार ऐसा कर रहे थे। इससे पहले इसके लिए भारतीय ओपनर रोहित शर्मा ने भी रहमान को चेतावनी दी थी, लेकिन रहमान नहीं माने। हमेशा शांत रहने वाले धोनी ने रास्ते में आ रहे रहमान को तगड़ी कोहनी मारी थी। जिसके बाद  रहमान हिल गए थे और उन्हें मैदान से बाहर ले जाना पड़ा था।

सेना का बलिदान बैज

विश्व कप 2019 में धोनी ने सेना के बलिदान बैज को अपने विकेटकीपिंग ग्लव्स पर लगाकर एक अनोखे विवाद को जन्म दे दिया। धोनी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में अपने कीपींग ग्लव्स पर पैरामिलिट्री फोर्स का लोगों के लगाया था। जिसको लेकर विवाद इतना बढ़ा कि आईसीसी और बीसीसीआई आमने सामने आ गईं।

बाद में आईसीसी के नियमों के तहत धोनी को इस बैज का मैदान पर इस्तेमाल करने से मना कर दिया गया। धोनी भी अगले मैच में अपने ग्लव्स से बैज का निशान हटाकर मैदान पर उतरे।

अंपायर से जोरदार बहस

आईपीएल 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जा रहा था। इसी बीच कुछ ऐसा हो गया धोनी ने अपना आपा खो दिया। इस दौरान धोनी इतने ज्यादा गुस्सा थे कि वह ड्रेसिंग रूम से मैदान पर अंपायर से बहस करने पहुंच गए।

दरअसल, चेन्नई की टीम बल्लेबाजी कर रही थी, मैच एकदम रोमांचक मोड़ पर था। इसी दौरान फील्ड अंपायर ने एक गेंद को हाईट की वजह से नो बॉल दे दिया, लेकिन लेग अंपायर ने इससे इंकार कर दिया।

लेग अंपायर ने नो बॉल नहीं दिया, जिसके बाद धोनी गुस्से में तमतमाते हुए मैदान पर आकर अंपायर से भिड़ गए। अंपायर से इस तरह के बर्ताव करने के लिए धोनी को अपनी मैच फीस का बड़ा हिस्सा गंवाना पड़ा था।